रायपुर। छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी पैरा आर्म रेसलर श्रीमंत झा ने एशियन पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए रजत पदक जीता है। किर्गिस्तान के इसिक कुल में 8 से 13 जून तक आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने PIUH-85 किलोग्राम वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की।
कड़े मुकाबले में श्रीमंत झा ने कजाकिस्तान के खिलाड़ी जानिबेक राखातोव को हराकर पदक सुनिश्चित किया। इस सफलता के साथ उन्होंने आगामी वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। अब तक उनके नाम भारत के लिए 65 अंतरराष्ट्रीय पदक दर्ज हो चुके हैं।
पदक जीतने के बाद श्रीमंत झा ने कहा, “मेरी हर जीत उन बहादुर सैनिकों के लिए समर्पित है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। यह रजत पदक मैं सभी शहीद जवानों के सम्मान में समर्पित करता हूं। यह उपलब्धि मेरे लिए बेहद विशेष है। मैं हर मुकाबले में देश के वीर जवानों से प्रेरणा लेकर उतरता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “अब मेरा अगला लक्ष्य वर्ल्ड पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का तिरंगा विश्व मंच पर सबसे ऊंचा लहराना है।”
श्रीमंत झा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता के बावजूद उन्हें अब तक कोई बड़ा सरकारी सम्मान या स्थायी रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार उनकी उपलब्धियों को देखते हुए खिलाड़ियों के हित में सकारात्मक पहल करेगी।





