देशविदेश

रिलायंस के साथ मिलकर भारत में पहला AI डेटा सेंटर बनाएगी Meta, जामनगर में होगा बड़ा निवेश

नई दिल्ली। सोशल मीडिया कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म ने भारत में अपने पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटा सेंटर की स्थापना की घोषणा की है। कंपनी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को रिलायंस इंडस्ट्रीज के सहयोग से गुजरात के जामनगर में विकसित करेगी। यह परियोजना भारत के तेजी से बढ़ते AI इकोसिस्टम और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, डेटा सेंटर का निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा किया जाएगा, जबकि इसके संचालन की जिम्मेदारी मेटा संभालेगी। शुरुआती चरण में यह सुविधा 168 मेगावॉट क्षमता के साथ शुरू होगी, जिसे भविष्य में और विस्तारित करने की योजना है।

बताया जा रहा है कि यह डेटा सेंटर अगले दो वर्षों के भीतर परिचालन शुरू कर सकता है। परियोजना को मेटा की उस दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत कंपनी उन्नत AI क्षमताओं और सुपर इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों पर काम कर रही है।

रिलायंस देगी एंड-टू-एंड सेवाएं

साझेदारी के तहत रिलायंस इंडस्ट्रीज डेटा सेंटर के पूरे जीवनचक्र के दौरान व्यापक सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इसमें डेटा सेंटर का डिजाइन, निर्माण, यूटिलिटी मैनेजमेंट, नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति, नेटवर्क कनेक्टिविटी और पूर्ण रूप से प्रबंधित संचालन सेवाएं शामिल होंगी।

इस परियोजना के जरिए रिलायंस भारत में हाइपरस्केल AI इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति और मजबूत करने की दिशा में काम करेगी। कंपनी ग्राहकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर डेटा सेंटर से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना बना रही है।

मार्क जकरबर्ग ने जताई खुशी

मेटा के प्रमुख मार्क जकरबर्ग ने जारी बयान में कहा, “मुझे गर्व है कि हम रिलायंस के साथ मिलकर भारत में अपना पहला AI डेटा सेंटर बना रहे हैं। जामनगर में तैयार होने वाला यह डेटा सेंटर ग्लोबल AI इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करने में मदद करेगा। साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था में हमारे निवेश को और मजबूत करने में मदद करेगा।”

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना भारत के AI मिशन, डेटा प्रोसेसिंग क्षमता और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साथ ही इससे देश में तकनीकी निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts