क्रांइमछत्तीसगढ़

कटघोरा में पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग, लगातार धमाकों से दहशत, राहत-बचाव कार्य जारी

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र स्थित रामपुर में बुधवार को एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे दूर-दूर तक धमाकों की आवाज सुनाई देती रही। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, रामपुर स्थित शर्मा पटाखा गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे पटाखे फटने लगे। लगातार हो रहे धमाकों के कारण आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर कई ग्रामीण और स्थानीय निवासी सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

आग से उठ रहा घना धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य क्षेत्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया जा रहा है।

मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी। हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद घटना के कारणों की जांच की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts