देशमनोरंजन

रिलीज से पहले दिल्ली में टैक्स फ्री हुई ‘भारत भाग्य विधाता’, कंगना ने CM रेखा गुप्ता का जताया आभार

नई दिल्ली। अभिनेत्री कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गई है। दिल्ली सरकार ने फिल्म को टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म की हाल ही में दिल्ली में स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुई थीं।

फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने पर कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी का मैं बहुत धन्यवाज करती हूं। ये हमारे लिए बहुत बड़ीं प्रेरणा हैं।”

कंगना ने आगे कहा, “हम सब देख रहे हैं कि जबसे दीदी यहां आई हैं तो क्या उन्होंने झंडा लहराया है भारतीय जनता पार्टी का। और जिस तरह से विकास की गति पर दिल्ली है और जिस तरह से दिल्ली खुशहाली का नगर अब बनता जा रहा है, उसके लिए हम सब के लिए प्रेरणा हैं दीदी। आज मुख्यमंत्री जी हम सब जो बेटियां हैं भारत की उनको प्रोत्साहित जिस तरह से उन्होंने किया है हमारी फिल्म को इन्होंने टैक्स फ्री रिलीज से पहले घोषित किया है, उसके लिए मैं अपने शब्दों में बयान नहीं कर सकती कि मैं उनकी कितनी आभारी हूं और हमेशा रहूंगी।”

फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ उन लोगों को समर्पित है, जो संकट के समय दूसरों की मदद के लिए आगे आते हैं। फिल्म में नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों, लिफ्ट ऑपरेटरों, सुरक्षा कर्मचारियों और अस्पताल प्रशासन से जुड़े उन कर्मियों की कहानी दिखाई गई है, जिन्होंने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान साहस और मानवता का परिचय दिया था।

फिल्म की कहानी एक अस्पताल की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां भय और अफरा-तफरी के बीच कर्मचारी सूझबूझ और हिम्मत के साथ हालात का सामना करते हैं। फिल्म यह संदेश देती है कि मुश्किल समय में इंसानियत सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आती है।

इससे पहले कंगना फिल्म को लेकर कह चुकी हैं, “भारत भाग्य विधाता उन अनदेखे लोगों को समर्पित है, जो संकट के समय इंसानियत की ढाल बनकर सामने आते हैं। जब कोई बड़ा हादसा या आपदा आती है, तो लोग सबसे पहले पुलिस, सेना या सरकार की तरफ उम्मीद से देखते हैं। लेकिन इस फिल्म में उन लोगों की कहानी दिखाई गई है, जो बिना किसी पहचान या सम्मान की उम्मीद के दूसरों के लिए खड़े हो जाते हैं।”

फिल्म में कंगना रनौत के अलावा गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थट्टे, रसिका आघासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन और लेखन मनोज तापड़िया ने किया है। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts