रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के पेट्रोल और डीजल की खरीद-फरोख्त करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से पेट्रोल-डीजल, नकदी, टैंकर और अन्य उपकरण समेत करीब 35.45 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कान्हा ढाबा के पीछे स्थित ईपी रोलिंग मिल के पास, सोनडोंगरी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेट्रोल-डीजल का अवैध भंडारण और कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर कार्रवाई की और गिरोह का पर्दाफाश किया।
जांच के दौरान पुलिस को 8 ड्रमों में लगभग 1600 लीटर पेट्रोल और 3 ड्रमों में करीब 500 लीटर डीजल मिला। इसके अलावा मोटर पंप, पाइप, टीन के बर्तन और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। वहीं मौके पर खड़े एक टैंकर की जांच में उसमें करीब 12 हजार लीटर डीजल भरा हुआ पाया गया।
पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया ने बताया कि वह टैंकर चालकों और अन्य लोगों से पेट्रोल-डीजल खरीदकर अवैध रूप से उसकी बिक्री करता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रामजी यादव इंडियन ऑयल के लखौली डिपो से डीजल भरकर राजनांदगांव ले जाता था और रास्ते में डीजल की कुछ मात्रा कालिया के यार्ड में बेच देता था। धर्मेंद्र साव और उमेश साव भी इस कारोबार में शामिल पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.20 लाख रुपए का पेट्रोल-डीजल, विभिन्न उपकरण, 1.30 लाख रुपए नकद और 31.94 लाख रुपए मूल्य का डीजल से भरा टैंकर जब्त किया है। कुल जब्ती की कीमत 35 लाख 45 हजार 770 रुपए आंकी गई है। जांच के लिए पेट्रोल और डीजल के नमूने भी सीलबंद कर लिए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव शामिल हैं। चारों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।





