क्रांइमछत्तीसगढ़

ई-चालान के फर्जी लिंक से 4.24 लाख की ठगी, फ्लिपकार्ट से मंगाए तीन महंगे मोबाइल

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ई-चालान के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक के जरिए ठगों ने एक युवक के बैंकिंग विवरण तक पहुंच बनाई और उसके खाते से 4 लाख 24 हजार 373 रुपये निकाल लिए। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, राजनांदगांव निवासी अंकेश सिन्हा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह 6 जून को भिलाई स्थित अपने ससुराल आए हुए थे। इसी दौरान शाम करीब 5:41 बजे उनके मोबाइल पर एम-परिवहन के नाम से ई-चालान संबंधी एक मैसेज प्राप्त हुआ।

मैसेज में उनकी एक्टिवा वाहन क्रमांक CG-08-NV-4191 पर 1000 रुपये का चालान बताया गया था। चालान जमा करने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही साइबर ठगों ने उनके मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना ली। इसके बाद कुछ ही मिनटों में आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर बड़ी रकम निकाल ली गई।

जांच में सामने आया है कि ठगों ने कुल 4.24 लाख रुपये से अधिक की राशि का उपयोग ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट से सैमसंग S-26 अल्ट्रा के तीन मोबाइल फोन खरीदने में किया। शिकायत के अनुसार, मोबाइल की डिलीवरी उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी अमन राय के पते पर कराई गई।

पुलिस अब ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, बिल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले में धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts