रायपुर। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत अपनी आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल होने के लिए रायपुर पहुंच गई हैं। फिल्म का विशेष प्रदर्शन आज जोरा स्थित पीवीआर सिनेमा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे।
कंगना दोपहर करीब 2 बजे इंडिगो की फ्लाइट से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां से वह सीधे होटल के लिए रवाना हो गईं। उनके आगमन को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
फिल्म की स्क्रीनिंग शाम 4 बजे शुरू होगी। इसके बाद कंगना रात करीब 9:15 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगी। कार्यक्रम में फिल्म के लेखक और निर्देशक मनोज तापड़िया भी शामिल रहेंगे। इस दौरान वे फिल्म की कहानी, निर्माण और उसके सामाजिक संदेश को लेकर चर्चा करेंगे।
‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की कहानी उन नर्सों के साहस पर आधारित है, जिन्होंने 26/11 मुंबई हमले के दौरान अस्पताल में हमले के बावजूद मरीजों की जान बचाने और बच्चों की डिलीवरी कराने का काम जारी रखा था।
विशेष स्क्रीनिंग और Meet & Greet कार्यक्रम के दौरान कंगना रनौत दर्शकों, मीडिया प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करेंगी। आयोजन में मनोरंजन और राजनीति जगत की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।





