रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (IPS) के दिशा-निर्देश में कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक युवक को बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से करीब 1.40 लाख रुपए मूल्य की कोडीन युक्त सिरप और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस को 5 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति बैग में बड़ी मात्रा में नशीली सिरप लेकर खड़ा है और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही डीसीपी मयंक गुर्जर ने एडिशनल डीसीपी (नॉर्थ) आकाश मरकाम और सीएसपी पूर्णिमा लामा को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गुढ़ियारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार साहू निवासी दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप की बड़ी खेप बरामद हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से सिरप के परिवहन जुड़े वैध दस्तावेज तथा मेडिकल लाइसेंस की मांग की, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 249 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।





