खेलछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की बेटियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान, नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जूनियर बालिका बास्केटबॉल टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। पुद्दुचेरी में आयोजित जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में टीम ने केरल को 55-51 अंकों से हराकर 14 साल बाद यह उपलब्धि हासिल की।

प्रतियोगिता का आयोजन बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने पुद्दुचेरी बास्केटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से किया था। फाइनल मुकाबले में दिव्या रंगारी ने 22 अंक बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कप्तान अंजली कोडापे ने 14 अंक, रूमी कोनवर और अंजनी ने 7-7 अंक, अदिति कोडापे ने 3 तथा सारा सिंह ने 2 अंक जुटाए। वहीं सोफी सिका और नंदनी माधो प्रधान का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा।

फाइनल में पहुंचने से पहले छत्तीसगढ़ ने सेमीफाइनल में कर्नाटक को 67-62 से मात दी थी। वहीं क्वार्टर फाइनल मैच में छत्तीसगढ़ की टीम ने महाराष्ट्र की टीम को 56-44 अको से परास्त किया था।

गौरतलब है कि चार वर्ष पहले जूनियर बालिका वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम ने रजत पदक जीता था। अब टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया है।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ में विवाद होने के कारण बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा छत्तीसगढ़ टीम के चयन के लिए एड हॉक कमेटी बनाई है, जो छत्तीसगढ़ के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की टीम चयनीत कर विभिन्न राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भेजती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts