एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर ने सोशल मीडिया पर अपना एक मजेदार वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह पॉप स्टार माइकल जैक्सन के मशहूर गाने ‘बैड’ पर बेफिक्र अंदाज में डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो में श्रद्धा पायजामा पहने हुए फुल एनर्जी के साथ फनी और क्यूट मूव्स करती दिखाई दे रही हैं।
हालांकि, वीडियो से ज्यादा लोगों का ध्यान उनके कैप्शन ने खींचा। श्रद्धा ने पोस्ट के साथ लिखा, ‘कोई ऐसा ढूंढो जो आपका ऐसा डांस निकाल पाए।’ इसके बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर उनके और राहुल मोदी के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। फैंस का मानना है कि वीडियो रिकॉर्ड करने वाला शख्स शायद राहुल मोदी ही हैं।
वीडियो पर फैंस ने भी जमकर मजेदार कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा, ‘मैं ऑफिशियली श्रद्धा पगलू हो गया हूं।’ वहीं दूसरे यूजर ने उनके घर की हालत पर मजाक करते हुए लिखा, ‘घर थोड़ा साफ कर लेतीं या ग्रीन स्क्रीन यूज कर लेतीं।’
इस पर श्रद्धा ने भी मजेदार अंदाज में जवाब देते हुए लिखा, ‘प्यारी मां, रियल आईडी से आओ।’ वहीं कई फैंस ने उनकी पुरानी एनर्जी और मस्ती भरे अंदाज की तारीफ की।
गौरतलब है कि राहुल मोदी के साथ श्रद्धा कपूर के रिलेशनशिप की खबरें लंबे समय से चर्चा में हैं। दोनों को पहली बार 2024 की शुरुआत में मुंबई में डिनर डेट पर साथ देखा गया था। हालांकि दोनों ने अब तक अपने रिश्ते को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं किया है, लेकिन सोशल मीडिया और पब्लिक अपीयरेंस के चलते अक्सर दोनों की डेटिंग की खबरें सामने आती रहती हैं।





