‘जवान’ में अपने दमदार एक्शन से दर्शकों को प्रभावित करने वाली नयनतारा अब एक बार फिर एक्शन अवतार में नजर आने वाली हैं। इस बार वह सलमान खान की आगामी फिल्म में धमाकेदार स्टंट करती दिखाई देंगी। फिलहाल इस फिल्म का टाइटल तय नहीं हुआ है और इसे अस्थायी रूप से SVC59 कहा जा रहा है। फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में नयनतारा का किरदार काफी मजबूत और अहम होने वाला है। कहा जा रहा है कि वह फिल्म में एक्शन से भरपूर भूमिका निभाएंगी, जिससे दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।
इससे पहले नयनतारा ने शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ में शानदार एक्शन सीन्स किए थे। उनके स्टंट और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब सलमान खान के साथ भी उनका ऐसा ही दमदार अंदाज देखने को मिल सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नयनतारा इस फिल्म में अपने कई स्टंट खुद करती नजर आएंगी। बताया जा रहा है कि वह एक्सपर्ट्स की निगरानी में एक्शन सीन्स शूट करेंगी। इससे साफ है कि फिल्म में उनका किरदार सिर्फ ग्लैमरस नहीं बल्कि काफी पावरफुल भी होगा।
फिल्म की शूटिंग इन दिनों मनाली में चल रही है, जहां एक अहम शेड्यूल पूरा किया जा रहा है। शूटिंग के दौरान सलमान खान और नयनतारा की केमिस्ट्री भी चर्चा में बनी हुई है। खबरों की मानें तो दोनों कलाकारों के बीच अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिल रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अभिनेता राजपाल यादव भी इस फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बताया जा रहा है कि मेकर्स इस फिल्म को ईद 2027 पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। सलमान खान की फिल्मों का ईद पर रिलीज होना पहले से ही फैंस के बीच खास माना जाता है। इस फिल्म के अलावा सलमान खान आने वाले समय में वॉर ड्रामा फिल्म ‘मातृभूमि’ में भी नजर आएंगे।





