देश

भीषण गर्मी के बीच PM मोदी की अपील, लोगों से कहा- खुद भी सतर्क रहें और दूसरों का भी रखें ध्यान

देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश का बांदा मंगलवार को 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में पारा 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान की वजह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, इसलिए सभी को सतर्क रहने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने पर ध्यान देना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि घर से बाहर निकलते समय अपने साथ पानी जरूर रखें। उन्होंने कहा कि इस समय एक-दूसरे की मदद और संवेदनशीलता बहुत जरूरी है। पीएम मोदी ने अपील करते हुए कहा कि यदि संभव हो तो किसी जरूरतमंद या प्यासे व्यक्ति को पानी जरूर पिलाएं। उन्होंने उन लोगों की भी सराहना की जो घरों और दुकानों के बाहर राहगीरों के लिए मटके में पानी रखते हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि तेज गर्मी में चक्कर आना, मतली या अत्यधिक थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति बेहोश दिखाई दे या अस्वस्थ महसूस करे तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार जगह पर ले जाएं और पानी, ORS या अन्य तरल पदार्थ दें।

प्रधानमंत्री ने कहा, “बच्चे, बुजुर्ग और धूप में काम करने वाले लोग इस भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं।” समय रहते ध्यान नहीं देने पर यह स्थिति हीटस्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या का रूप ले सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में लोगों की सतर्कता और देखभाल किसी की जिंदगी बचा सकती है।

उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और परिवार के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि बुजुर्गों को पर्याप्त पानी पीने, तेज धूप से बचने और ज्यादा आराम करने की सलाह दें ताकि वे सुरक्षित रह सकें।

प्रधानमंत्री ने पशु-पक्षियों के लिए भी पानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, छत, बालकनी, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा बर्तन रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “यह छोटा प्रयास किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।”

अंत में पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि इन कठिन दिनों में सभी लोग करुणा और संवेदनशीलता के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें।

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts