खेल

पद्मश्री से सम्मानित होने पर हरमनप्रीत कौर ने परिवार और फैंस का जताया आभार

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित पहली सिविल इन्वेस्टिचर सेरेमनी में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया। सम्मान मिलने के बाद हरमनप्रीत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए अपने परिवार, कोच, टीम साथियों और फैंस का धन्यवाद किया। इस दौरान भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को भी सम्मान मिला।

सम्मान मिलने के बाद हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “मेरा दिल गर्व और कृतज्ञता से भर गया है, क्योंकि मुझे प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान मिला है। यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि मेरे माता-पिता, परिवार, कोच, टीम के साथियों, दोस्तों और हर उस इंसान का है, जिसने इस पूरे सफर में मेरा साथ दिया और मुझ पर विश्वास किया।”

उन्होंने अपने क्रिकेट सफर को याद करते हुए आगे लिखा, “आंखों में सपने लिए एक छोटी लड़की से लेकर सबसे बड़े मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने तक, हर पल आपके प्यार, त्याग और हौसले की वजह से मुमकिन हुआ है।”

भारतीय कप्तान ने महिला क्रिकेट को लगातार सहयोग देने के लिए राष्ट्रपति, भारत सरकार, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, बीसीसीआई और क्रिकेट से जुड़े लोगों का भी आभार जताया। उन्होंने लिखा, “मैं इस सम्मान और महिला क्रिकेट को लगातार समर्थन देने के लिए राष्ट्रपति, भारत सरकार, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों का दिल से धन्यवाद करना चाहती हूं।”

हरमनप्रीत ने मीडिया और पत्रकारों को भी धन्यवाद देते हुए कहा, “आपकी तारीफ और समर्थन ने मुझे हमेशा बेहतर करने के लिए प्रेरित किया है।”

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल के वर्षों में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। साल 2025 में उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने घरेलू मैदान पर पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर लंबे समय से चले आ रहे आईसीसी ट्रॉफी के इंतजार को खत्म किया था। इसे हरमनप्रीत के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में माना जाता है।

अपने संदेश के आखिर में हरमनप्रीत ने फैंस के लिए लिखा, “आखिर में हर उस फैन का शुक्रिया, जो हर उतार-चढ़ाव में मेरे साथ खड़ा रहा। आपका प्यार मेरे लिए सब कुछ है। भारत की जर्सी पहनना हमेशा मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान रहेगा और मैं हर दिन देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देती रहूंगी।”

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts