क्रांइमछत्तीसगढ़

भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी, बड़े नेता का पीए बनकर ऐंठे 10 हजार रुपए

रायपुर में साइबर ठगों ने भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को अपना निशाना बना लिया। आरोपी ने खुद को भाजपा के एक बड़े नेता का निजी सहायक (पीए) बताकर पैसों की मांग की और झांसे में लेकर 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है, जहां अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने फोन कर खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता का पीए बताया और कहा कि उसे डीजल भरवाने के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है। उसने दो अलग-अलग बार में पैसे ट्रांसफर करने की बात कही।

बताया जा रहा है कि विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए। बाद में जब सच्चाई सामने आई, तब ठगी का खुलासा हुआ। शिकायत के आधार पर खम्हारडीह पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस मामले को लेकर विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर नितिन नवीन समेत कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उस पर आसानी से भरोसा हो गया। विधायक के मुताबिक, “ठग ने फोन कर खुद को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पीए बताया और कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा हैं, रास्ते में ड्राइवर से विवाद हो गया है और परिवार मुसीबत में है, इसलिए तुरंत पैसों की जरूरत है।”

उन्होंने बताया कि आरोपी ने पहले 4,500 रुपए मांगे थे, लेकिन परेशानी की बात सुनकर 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा दिए गए। यह रकम जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए भेजी गई थी।

पुरंदर मिश्रा ने कहा, “डेढ़ घंटे के बाद दोबारा पैसे की मांग पर फ्रॉड का शक हुआ।” उन्होंने आगे बताया कि भुवनेश्वर इतनी जल्दी पहुंचने की बात संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क किया। वहां से जानकारी मिली कि उस नाम का कोई व्यक्ति कार्यालय में काम नहीं करता। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान नंबर से कॉल आने पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे बात कर जानकारी की पुष्टि करें और उसके बाद ही किसी तरह का आर्थिक लेनदेन करें।

बता दें कि इससे पहले राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर इलाके में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के साथ मोबाइल लूट की घटना भी सामने आई थी। मॉर्निंग वॉक के दौरान आरोपी उनका आईफोन लेकर फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts