‘जन्नत’ को रिलीज हुए 18 साल हो चुके हैं, लेकिन फिल्म का क्रेज आज भी बरकरार है। इमरान हाशमी और सोनल चौहान की इस फिल्म ने अपने गानों और कहानी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। अब फिल्म की रिलीज के 18 साल पूरे होने पर इमरान हाशमी ने इससे जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव साझा किया है।
एक बातचीत के दौरान इमरान हाशमी ने बताया कि साल 2008 में फिल्म के प्रमोशन के समय फैंस की दीवानगी इतनी ज्यादा थी कि एक इवेंट में हालात बिगड़ गए थे। उन्होंने कहा, ‘16 मई 2008 की बात है। उस समय आईपीएल का पहला सीजन चल रहा था। हम कोलकाता के एक मॉल में फैंस से मिलने पहुंचे थे। शुरुआत में सब नोर्मल था, लेकिन थोड़ी ही देर में भीड़ बेकाबू हो गई।’
इमरान ने आगे बताया कि स्थिति संभालना मुश्किल हो गया था और सुरक्षा के लिए उन्हें और सोनल चौहान को बाथरूम में छिपाना पड़ा। बाद में पुलिस को बुलाकर हालात काबू किए गए। उन्होंने कहा, ‘मुझे यकीन नहीं हो रहा था कि लोग सिर्फ मेरी एक झलक पाने के लिए मेरा नाम चिल्ला रहे थे। ‘जन्नत’ मेरे करियर का बहुत बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई।’
साल 2008 में रिलीज हुई इस फिल्म से सोनल चौहान ने बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म का निर्देशन कुणाल देशमुख ने किया था। फिल्म का संगीत भी काफी सुपरहिट रहा था। खासकर ‘जरा सा’ गाना आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है, जिसे दिवंगत गायक केके ने आवाज दी थी।
हालांकि बाद में सोनल चौहान ने कई हिंदी, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में काम किया, लेकिन आज भी उन्हें सबसे ज्यादा पहचान ‘जन्नत’ फिल्म से ही मिलती है।





