भोपाल। मध्यप्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्म हवाओं और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तापमान में और इजाफा होने की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों से बाहर न निकलने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा रतलाम में 44.8 डिग्री, खंडवा में 44.5 डिग्री, नौगांव और खजुराहो में 44.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं गुना में 43.7 डिग्री, रायसेन और नरसिंहपुर में 43.6 डिग्री तथा दतिया, शाजापुर और दमोह में 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। खरगोन और टीकमगढ़ में 43.2 डिग्री जबकि धार में 43.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 42.7 डिग्री, इंदौर में 42.8 डिग्री, ग्वालियर में 42.6 डिग्री और जबलपुर में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मई में कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव के बाद अब फिर से हीटवेव का असर बढ़ गया है। आने वाले दिनों में गर्म हवाएं लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है।





