बालोद जिले के राजहरा नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना कारूटोला मोड़ के पास की है, जहां सड़क किनारे खड़े युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक दूसरे गांव से अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आया था। शनिवार सुबह करीब 5 बजे वह सड़क किनारे खड़ा था, तभी तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर कारूटोला मोड़ पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। करीब दो घंटे बाद प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।





