इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 60वें मुकाबले में आज कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटन्स आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। गुजरात टाइटन्स जहां जीत के साथ प्लेऑफ में जगह पक्की करना चाहेगी, वहीं KKR के लिए यह मैच टूर्नामेंट में बने रहने की उम्मीदों से जुड़ा हुआ है।
कोलकाता नाइट राइडर्स का यह सीजन अब तक उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। टीम ने शुरुआत में लगातार खराब प्रदर्शन किया, लेकिन बाद में लगातार चार जीत दर्ज कर शानदार वापसी की। हालांकि पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उनकी जीत की लय तोड़ दी। फिलहाल KKR 11 मैचों में 9 अंकों के साथ अंकतालिका में आठवें स्थान पर है। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे।
वहीं शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटन्स शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम लगातार पांच मुकाबले जीत चुकी है और 12 मैचों में 16 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर मौजूद है। अगर गुजरात आज का मुकाबला जीत लेती है तो वह IPL 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी। इसके साथ ही टीम अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर भी पहुंच सकती है।
अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक दोनों के बीच छह मुकाबले खेले गए हैं। इनमें गुजरात टाइटन्स ने चार मैचों में जीत हासिल की है, जबकि KKR को सिर्फ एक जीत मिली है। एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुआ था। खास बात यह है कि KKR ने गुजरात के खिलाफ आखिरी बार अप्रैल 2023 में जीत दर्ज की थी।
इस सीजन में दोनों टीमों की पहली भिड़ंत में गुजरात टाइटन्स ने बाजी मारी थी। ऐसे में अब देखने वाली बात होगी कि क्या KKR घरेलू मैदान पर वापसी कर पाएगी या गुजरात अपनी जीत का सिलसिला जारी रखेगी।





