रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर अपने प्रोटोकॉल काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का फैसला लिया है। उन्होंने अपने प्रोटोकॉल काफिले से 4 वाहनों का उपयोग कम करने का फैसला लिया है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह राष्ट्रहित में संसाधनों के संरक्षण और जिम्मेदार नागरिक कर्तव्य की भावना से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “जब वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, तब परिवार के मुखिया के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसाधनों के संरक्षण का संदेश हम सभी भारतवासियों के लिए अनुकरणीय है। ऐसे समय में प्रत्येक जनप्रतिनिधि और नागरिक का दायित्व बनता है कि वह संयम, सादगी और जिम्मेदारी का परिचय दें।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते रहे हैं और उसी भावना के तहत यह निर्णय लिया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से भी मौजूदा परिस्थितियों को गंभीरता से समझने की अपील की। उन्होंने लोगों से जरूरत के मुताबिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन अपनाने का आग्रह किया। साथ ही सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए राष्ट्रहित में सहयोग करने की बात कही।





