विदेश

कैरेबियन प्रिंसेस जहाज पर नोरो वायरस का प्रकोप, 3 हजार से ज्यादा यात्रियों में 115 संक्रमित

एक बार फिर समुद्री जहाज पर वायरस संक्रमण का मामला सामने आया है। कैरेबियन प्रिंसेस नामक क्रूज जहाज पर नोरो वायरस फैलने से 115 लोग संक्रमित हो गए हैं। इस जहाज पर कुल 3,116 यात्री सवार हैं, जिनमें 102 यात्री और 13 चालक दल के सदस्य इस संक्रमण की चपेट में आए हैं।

फिलहाल जहाज डोमिनिकन गणराज्य के उत्तरी तट के पास है और इसके बाहामास की राजधानी नासाऊ पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। संक्रमित लोगों में उल्टी और दस्त जैसे लक्षण पाए गए हैं, जिसके बाद एहतियातन उन्हें अन्य यात्रियों से अलग रखा गया है।

CDC ने दी जानकारी
अमेरिका के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (CDC) के अनुसार, जब संक्रमित लोगों की संख्या कुल यात्रियों के 3 प्रतिशत से ज्यादा हो गई, तब इस बारे में सार्वजनिक सूचना जारी की गई। जहाज पर कुल 3,116 यात्री और 1,131 चालक दल के सदस्य मौजूद हैं।

कंपनी ने क्या कहा?
जहाज की संचालक कंपनी ने कहा, “प्रिंसेस क्रूज पुष्टि करता है कि 28 अप्रैल को पोर्ट एवर्गलेड्स से कैरेबियन प्रिंसेस की यात्रा के दौरान कुछ लोगों ने हल्के पेट संबंधी बीमारी की शिकायत की है। हमने जहाज के हर हिस्से को तुरंत कीटाणुरहित किया और पूरी यात्रा के दौरान अतिरिक्त सैनिटाइजेशन किया। इसके अलावा कैरेबियन प्रिंसेस को अपनी अगली यात्रा शुरू करने से पहले पूरी तरह से साफ और कीटाणुरहित किया जाएगा।”

क्या है नोरोवायरस?
नोरो वायरस एक ऐसा संक्रमण है जो पेट और आंतों को प्रभावित करता है, जिससे उल्टी और दस्त जैसी समस्या होती है। इसका प्रकोप आमतौर पर ठंडे महीनों में होता है। अमेरिका में खाने से होने वाली बीमारियों का सबसे बड़ा कारण यही वायरस है।

ये वायरस पहली बार 1968 में अमेरिका के ओहियो राज्य के नॉरवॉक शहर में स्थित एक स्कूल में हुआ था। इसी कारण से, नोरो वायरस के पहले स्ट्रेन (प्रकार) को ‘नॉरवॉक वायरस’ के नाम से जाना गया।

कैसे फैलता है संक्रमण?
नोरोवायरस बंद जगहों पर तेजी से फैलता है। यह संक्रमित व्यक्ति के संपर्क, दूषित भोजन-पानी या छुई गई सतहों के जरिए फैल सकता है। जहाजों पर इसका संक्रमण ज्यादा होता है, क्योंकि यहां हजारों लोग लंबे समय तक साथ रहते हैं, एक जैसा खाना खाते हैं और शौचालयों का इस्तेमाल करते हैं। संक्रमित होने पर जी मिचलाना, उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।

जहाज से जुड़ी जानकारी
यह जहाज प्रिंसेस क्रूज कंपनी का है, जिसने 28 अप्रैल को फ्लोरिडा के फोर्ट लॉटरडेल से अपनी यात्रा शुरू की थी। सफर के दौरान यह अरूबा, बोनेर, प्यूर्टो रिको और बाहामास जैसे स्थानों पर रुका। जहाज को 11 मई को दोबारा फ्लोरिडा लौटना है, लेकिन संक्रमण के चलते इसे बाहामास में रोका जा सकता है।

बताया जा रहा है कि इसी साल मार्च में प्रिंसेस क्रूज के एक अन्य जहाज स्टार प्रिंसेस पर भी करीब 200 यात्री नोरोवायरस से संक्रमित हुए थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts