क्रांइमछत्तीसगढ़

कवर्धा में दर्दनाक हादसा: नदी में गिरी बेकाबू कार, शादी से लौट रहे 4 युवकों की मौत, 2 की हालत गंभीर

कवर्धा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। शादी समारोह से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में गिर गई।

यह हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई गांव के पास फोक नदी के पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि रायपुर के बिरगांव इलाके के रहने वाले कुछ युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी की रस्में पूरी होने के बाद वे अपनी कार से रायपुर लौट रहे थे, इस दौरान उनकी कार तेज रफ्तार में होने के कार गड़ई गांव के पास स्थित फोक नदी के पुल में अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई।

कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन के रूप में हुई है। वहीं घायल युवकों के नाम जुनैद रज़ा और आरज़ू खान बताए गए हैं।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद घायलों को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें पंडरिया स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts