सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली हाथियों के दल ने दहशत फैला दी है। बीती रात हाथियों ने एक घर में घुसकर तोड़फोड़ की और भारी नुकसान पहुंचाया। इसके साथ ही एक स्कूल को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। यह मामला मैनपाट वन परिक्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का दल कापू रेंज के जोबलपानी से धौवरघाट के बीच जंगल में घूम रहा है। शुक्रवार रात चुरकीपानी गांव में हाथियों का उत्पात देखने को मिला, जहां एक घर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया गया।
यहीं नहीं, कडराजा कॉलोनी में भी हाथियों ने जमकर नुकसान पहुंचाया और स्कूल को क्षति पहुंचाई। हालांकि इन घटनाओं में किसी की जान नहीं गई, लेकिन एक परिवार के सिर से छत जरुर छिन गया है।
हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग लगातार मुनादी कर रहा है। लोगों को जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।





