छत्तीसगढ़

गौ माता के सम्मान में शिवसेना का उपवास धरना, मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन

*उपवास धरना के माध्यम से जताया गौ रक्षा का अटूट संकल्प*
राजनांदगांव _ गौमाता की रक्षा एवं सम्मान को लेकर शिवसेना द्वारा प्रदेशभर में मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीशों को ज्ञापन सौंपा गया। यह अभियान शिवसेना के प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में एक साथ संचालित किया गया।
इसी कड़ी में राजनांदगांव में शिवसेना प्रदेश सचिव कमल सोनी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शिवसेना के मुख्य पदाधिकारियों ने पिंजरापोल गौशाला में गौ माता की पूजा के बाद जिला कलेक्टोरेट के सामने 1 दिवसीय उपवास धरना का आयोजन कर दोपहर 3 बजे जिलाधीश को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के साथ शिवसेना के प्रतिनिधि मंडल ने गौ रक्षा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से आमजन से कराए गए हस्ताक्षरयुक्त प्रतियों को भी सौंपा, जिससे इस मुद्दे के प्रति जनसमर्थन स्पष्ट रूप से सामने आया।
इस अवसर पर शिवसेना के मुख्य पदाधिकारियों एवं शिवसैनिकों द्वारा उपवास धरना कर गौ माता की रक्षा हेतु अपना अटूट संकल्प प्रकट किया गया। उपवास के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों की गंभीरता को दर्शाते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।
इस दौरान शिवसेना दुर्ग संभाग प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष आकाश सोनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शिवसैनिक उपवास में शामिल रहे और सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा।
प्रदेश सचिव कमल सोनी ने बताया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही गौ तस्करी एवं गोहत्या की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं, जिससे आम जनता की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर शिवसेना द्वारा उपवास जैसे शांतिपूर्ण माध्यम अपनाकर शासन को चेताने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने शासन से मांग की कि गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगे कहा कि गोमाता को “राज्य माता” का दर्जा दिया जाना चाहिए, ताकि गौ संरक्षण को विशेष प्राथमिकता मिल सके और इस दिशा में ठोस नीतिगत निर्णय लिए जा सकें।
उपवास धरने में मुख्य रूप से किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव दिनेश ताम्रकार, जिलाध्यक्ष आकाश सोनी, वि.स. अध्यक्ष मुकेश साहू, शिवशंकर गौर, कुंदन सोनी, पवन सोनी, ज्ञानचंद लोढा, संजय यादव, नीलकंठ यादव, गोविंद साहू, दुलेचन्द साहू, संजय यदु, गोविंद चंद्राकर, छोटू साहू, धनेश साहू, हरेंद्र मालेकर, टोमन सोनकर सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक एवं गौ भक्त शामिल हुवे।
साथ ही शिवसेना ने यह भी मांग रखी कि प्रदेश में स्थित गौठनों को व्यवस्थित रूप से गौशाला में परिवर्तित किया जाए तथा प्रत्येक गौठान में 2 गौ सेवकों की कलेक्टर दर पर नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि गोवंश की समुचित देखभाल हो सके।
शिवसेना ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि गौ तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों पर सख्त राजसात (जब्ती) की कार्यवाही की जाए, जिससे इस अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
शिवसेना प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधीश महोदय से आग्रह किया कि वे इस ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र मुख्यमंत्री तक प्रेषित करें।
कमल सोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो शिवसेना आगामी समय में और व्यापक एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
कार्यक्रम के अंत में शिवसेना पदाधिकारियों ने सभी शिवसैनिकों, गौ भक्तों एवं आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उपवास धरना में शामिल होकर इस अभियान को सफल बनाया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts