रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है और लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में आज तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है, जिससे हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है।
हालांकि बस्तर क्षेत्र में दक्षिण दिशा से आने वाली नमीयुक्त हवाएं कुछ राहत दे सकती हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली यह हवा अगले दो से तीन दिनों तक असर दिखा सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को सुबह से ही तेज गर्मी महसूस की गई और दोपहर तक स्थिति काफी तपन भरी हो गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दो दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कहीं-कहीं गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। वहीं प्रदेश के कुछ हिस्सों में ग्रीष्म लहर चलने की आशंका बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण बांग्लादेश तक बिहार, झारखंड, गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरा द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से कोमोरिन क्षेत्र तक तेलंगाना, अंदरूनी कर्नाटक और तमिलनाडु होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात (एंटी साइक्लोन) महाराष्ट्र और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इन सभी के कारण प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है। मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसे स्थिति बने रहने की आशंका है। 26 अप्रैल से दक्षिण बस्तर के जिलों में गर्मी से राहत रहने की संभावना बन रही है।
राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे दिनभर तेज गर्मी और लू का असर बना रह सकता है।





