छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के चलते आंगनबाड़ी समय में बदलाव, 4 घंटे ही खुलेंगे केंद्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकाल के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय को 6 घंटे से घटाकर 4 घंटे कर दिया गया है।

यह निर्णय महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों को तेज गर्मी से सुरक्षित रखा जा सके।

नया समय और उपस्थिति

विभाग के निर्देशानुसार 1 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगे। वहीं 23 अप्रैल से 30 जून 2026 तक बच्चों की उपस्थिति का समय सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक तय किया गया है, जिससे वे लू और तेज धूप से बच सकें।

पोषण और शिक्षा पर रहेगा फोकस

इस निर्धारित अवधि में बच्चों को पूर्व तय समय-सारिणी के अनुसार प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख एवं शिक्षा (ECCE गतिविधियां) के साथ-साथ पूरक पोषण आहार का नियमित वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की शिक्षा और पोषण सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त जिम्मेदारी

आंगनबाड़ी केंद्रों में अन्य आवश्यक सेवाएं प्रातः 11:00 बजे तक जारी रहेंगी। इसके बाद कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने जॉब चार्ट के अनुसार शेष कार्य करेंगी। साथ ही गृहभेंट के जरिए घर-घर जाकर माताओं को पोषण संबंधी जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सुरक्षा और निगरानी के निर्देश

बच्चों की सुरक्षा को लेकर विभाग ने सख्ती दिखाई है। निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी। जिला अधिकारियों को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जुलाई से फिर सामान्य समय

गर्मी खत्म होने के बाद 1 जुलाई से आंगनबाड़ी केंद्र अपने पुराने समय सुबह 9:30 बजे से 3:30 बजे तक (6 घंटे) संचालित होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts