रायपुर। छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्र में लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के बाद अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि 26 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य इलाकों में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। बुधवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
बीते 24 घंटों के दौरान नानगुर सहित कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका/हवा की अनियमित गति मराठवाड़ा से कोमोरिन क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात अंदरुनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना तथा उत्तर अंदरूनी कर्नाटक के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 5.8 कम ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में 23 अप्रैल को मौसम मुख्य तौर पर शुष्क रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की आशंका है। 24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक प्रदेश के मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।





