खेल

Virat Kohli Restaurant Controversy: कर्ज में डूबा One8 Commune बंद, विराट कोहली ने रेस्टोरेंट से तोड़ा रिश्ता

बेंगलुरु में स्थित चर्चित रेस्टोरेंट One8 Commune इन दिनों विवादों में घिर गया है और अब इस पर ताला लग चुका है। सिविल कोर्ट के आदेश के बाद रेस्टोरेंट को बंद करना पड़ा, जिसकी वजह मालिकों पर करीब 2 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, इस रेस्टोरेंट का संचालन ट्रायो हिल्स हॉस्पिटैलिटी द्वारा किया जा रहा था, लेकिन पिछले करीब 6 महीनों से किराया नहीं चुकाया गया था। इसके अलावा मेंटेनेंस चार्ज और रेवेन्यू शेयर की रकम भी लंबित थी। लगातार नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर बिल्डिंग मालिक ने कोर्ट का सहारा लिया, जिसके बाद रेस्टोरेंट को सील करने का आदेश जारी हुआ।

इस पूरे मामले के बीच विराट कोहली ने भी रेस्टोरेंट से अपना नाता खत्म कर लिया है। पहले यह रेस्टोरेंट उनके ब्रांड और पहचान से जुड़ा हुआ था, लेकिन अब उन्होंने न केवल अपनी हिस्सेदारी खत्म की है बल्कि “One8” ब्रांड का नाम भी इससे हटा लिया है।

बताया जा रहा है कि कर्ज की स्थिति सिर्फ किराए तक सीमित नहीं थी, बल्कि अन्य भुगतान भी लंबे समय से लंबित थे। व्यापार में नुकसान, ग्राहकों की घटती संख्या और गिरती ब्रांड वैल्यू को इसके पीछे बड़ी वजह माना जा रहा है।

गौरतलब है कि यह रेस्टोरेंट पहले भी विवादों में रह चुका है। इससे पहले बेंगलुरु महानगर पालिका की ओर से फायर सेफ्टी और अन्य नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किया गया था। माना जा रहा है कि लगातार सामने आ रही इन समस्याओं के चलते ही विराट कोहली ने इससे दूरी बना ली।

फिलहाल, One8 Commune तब तक बंद रहेगा जब तक बकाया कर्ज और अन्य भुगतान पूरे नहीं कर दिए जाते।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts