रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के बीच अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। गर्मी से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने की संभावना जताई है। हालांकि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव के संकेत नहीं हैं, लेकिन मध्य क्षेत्र में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दो दिनों में कुछ स्थानों पर ग्रीष्म लहर जारी रह सकती है। साथ ही एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि “एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से तटीय उड़ीसा तक झारखंड तक विस्तारित है। दूसरा उत्तर दक्षिण द्रोणी का मन्नार की खाड़ी से उत्तर अन्दरूनी कर्नाटक तक फैला हुआ है। एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक बिहार, गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी भाग, बांग्लादेश तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात अंदरुनी महाराष्ट्र और उससे लगे तेलंगाना तथा उत्तर अंदरुनी कर्नाटक तक विस्तारित है। इन मौसम प्रणालियों के कारण आज एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। दक्षिणी इलाके में वर्षा का मुख्य क्षेत्र रह सकता है।”
राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां आज भी गर्मी का असर बना रहेगा। दिन में ग्रीष्म लहर चलने के आसार हैं और रातें भी गर्म महसूस हो सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।





