नई दिल्ली। भीषण गर्मी से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शुक्रवार को मौसम ने थोड़ी राहत दी। शाम करीब 4 बजे के बाद कई इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
फरीदाबाद में अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद नोएडा में भी बूंदाबांदी देखने को मिली। बारिश के चलते कुछ इलाकों में शुरुआती समय में ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने पहले ही राष्ट्रीय राजधानी समेत गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। विभाग की ओर से गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई थी।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा है, जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों और पड़ोसी पाकिस्तान के ऊपर बने चक्रवाती हालात के कारण क्षेत्र में बादल और धुंध छाई हुई है।
उन्होंने कहा, “इन क्षेत्रों से धूल के कण दिल्ली-एनसीआर की ओर आ गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप धूल भरी धुंध की परत बन गई है और वायु गुणवत्ता में गिरावट आई है।”
इससे पहले गुरुवार को बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू समेत कई इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई थी, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर पड़ा।
अगले दिनों में फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि पारा 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और कुछ इलाकों में लू चलने की स्थिति बन सकती है।





