रायपुर: रायपुर नगर निगम ने लंबे समय से बकाया नहीं चुकाने वाले व्यापारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। डिमांड बिल और नोटिस जारी करने के बावजूद भुगतान नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों को अंतिम चेतावनी देने के बाद निगम की टीम कार्रवाई के लिए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंची।
निगम की सख्ती का असर भी तुरंत देखने को मिला। कार्रवाई के दौरान चार दुकानदारों ने मौके पर ही अपना बकाया जमा कर दिया, जबकि भुगतान नहीं करने वाले आठ दुकानों को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई रायपुर नगर निगम के जोन 9 के राजस्व अमले द्वारा की गई। इस कार्रवाई में चार बकायादारों से कुल 80,592 रुपए का भुगतान प्राप्त हुआ। वहीं जिन आठ दुकानों को सील किया गया, उन पर कुल 3,65,510 रुपए का बकाया है।
सील की गई दुकानों में बरखा अग्रवाल, सेलून, अभिषेक कुमार की एज शॉप, चित्रा रेखा अग्रवाल, विवेक गोयल, सरफराज खान, शेख साजिद और इंद्रमणि मिनरल इंडिया शामिल हैं।
नगर निगम की इस कार्रवाई से अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है।





