रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर विवाद में घिर गए हैं। मुकाबले के समय उन्हें डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस पर संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
दरअसल, नियमों के मुताबिक टीम मैनेजर को मैच के दौरान फोन इस्तेमाल करने की अनुमति होती है, लेकिन यह उपयोग ड्रेसिंग रूम के अंदर ही किया जा सकता है। भिंडर उस वक्त बाउंड्री के पास डगआउट में बैठे हुए फोन चला रहे थे, जो नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।
इस मामले में बीसीसीआई की एंटी करप्शन एंड सेक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। उनका फोन इस्तेमाल करना अब चर्चा का विषय बन गया है।
पीएमओए (Players and Match Officials Areas) नियमों के तहत मैनेजर मोबाइल अपने पास रख सकते हैं, लेकिन इसका इस्तेमाल सिर्फ क्रिकेट संचालन से जुड़े कामों या खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के व्यक्तिगत मामलों तक सीमित होना चाहिए। साथ ही फोन को साइलेंट मोड पर रखना अनिवार्य है और सामान्य परिस्थितियों में इसका उपयोग नहीं किया जा सकता।
कोविड-19 महामारी के दौरान बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजियों को जरूरी सूचनाओं से अपडेट रखने के लिए मोबाइल इस्तेमाल की अनुमति दी थी। इसी आधार पर यह छूट दी गई थी। अब इस पूरे मामले में राजस्थान रॉयल्स पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा है और भिंडर के जवाब के बाद ही तय होगा कि आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।





