क्रांइमछत्तीसगढ़

कबीरधाम में IPL मैचों पर सट्टा खिलाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, पंडरिया पुलिस की कार्रवाई

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने और खिलाने के मामले में पंडरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों लोग ऑनलाइन सट्टा खिलाने का जुर्म कर रहे थे।

पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग आईपीएल मैचों पर सट्टा खिला रहे हैं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर टीम गठित की गई और डीएसपी भूपत सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की गई।

पंडरिया के घोघरापारा इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी और दोनों आरोपियों को सट्टा खिलाते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र ढीमर (25 वर्ष) और सोनू राव (31 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि “वे टेलीग्राम चैनल से सट्टा लिंक हासिल कर मोबाइल नंबर के जरिए आईडी बनाते थे। आईडी बनाने के बाद अपने बैंक खातों को उससे जोड़कर लेन-देन करते थे। खाते लिंक हो जाने के बाद व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर सट्टा खिलाया जाता था।”

पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन स्मार्टफोन जब्त किए हैं और उनके बैंक खातों के साथ-साथ टेलीग्राम व व्हाट्सएप चैट से जुड़े डिजिटल सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 06 और 07 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आईपीएल का आनंद खेल भावना के साथ लें और सट्टेबाजी से दूर रहें।

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts