कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के नाथिया नवागांव के पास दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक मासूम बच्चे सहित 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
आमने-सामने भिड़ीं तेज रफ्तार कारें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों कारें तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयानक था कि कारों में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
मौके पर 6 की मौत, बच्चा भी शामिल
कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है। वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एसपी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घायलों की हालत नाजुक
डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज दिया जा रहा है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और घायलों के स्वस्थ होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा—
“कांकेर जिले के नाथिया नवागांव के पास हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक ही परिवार के 6 लोगों के निधन के समाचार से मन अत्यंत व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। दुर्घटना के घायलों का बेहतर उपचार किया जा रहा है। मैं सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”





