क्रांइमछत्तीसगढ़

मीटर लगाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा: रायपुर में कारोबारी से 7 लाख से ज्यादा की ठगी

राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां बिजली मीटर लगाने के नाम पर एक कारोबारी से 7 लाख रुपए से अधिक की रकम ठग ली गई। आरोपी ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर पहले भरोसा जीता और फिर मोबाइल हैक कर खाते से पैसे निकाल लिए। यह घटना देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-2 निवासी आशीष भाई देसाई, जो लेमिनेट का काम करते हैं, उन्होंने 1 अप्रैल 2026 को नया बिजली मीटर लगाने के लिए दलदल सिवनी-मोवा स्थित बिजली कार्यालय में आवेदन किया था। इसके कुछ दिन बाद 4 अप्रैल की सुबह करीब 8:20 बजे उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया।

कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि मीटर प्रक्रिया पूरी करने के लिए 13 रुपए का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। इसके बाद ठग ने दूसरे नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर एक लिंक भेजा, जिसमें बिजली विभाग का लोगो भी नजर आ रहा था।

पीड़ित ने भरोसा कर लिंक पर क्लिक कर दिया, जिसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों से पैसे निकाल लिए। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते से 6 बार में 6,03,472 रुपए और एचडीएफसी बैंक खाते से 99 हजार रुपए निकाल लिए गए। कुल मिलाकर 8 ट्रांजैक्शन में 7,02,472 रुपए की ठगी की गई।

जब खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है, “किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही फोन पर मांगी गई जानकारी साझा करें। सरकारी विभाग कभी भी इस तरह लिंक भेजकर भुगतान नहीं कराते।”

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts