अहमदाबाद से मुंबई जा रही वंदे भारत ट्रेन में खाने की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। यात्रा के दौरान यात्रियों के खाने में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद IRCTC ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फूड कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का नोटिस भी जारी किया है।
खाने में कीड़े मिलने से मचा बवाल
यात्रियों ने जब खाने में कीड़े देखे तो उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत की। कुछ यात्रियों ने फोटो लेकर सोशल मीडिया पर भी इसे साझा किया। बताया जा रहा है कि एक ही कोच में कम से कम दो बार ऐसी शिकायत सामने आई, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई।
सोशल मीडिया पर यूजर आदित्य डिडवानिया ने पोस्ट कर बताया कि उनके खाने में कीड़े मिले हैं। इस घटना के बाद कई यात्रियों ने खाना खाना ही बंद कर दिया।
IRCTC का तुरंत एक्शन
मामले को गंभीरता से लेते हुए IRCTC ने फूड कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह खाना M/S ब्रंदावन फूड प्रोडक्ट्स (RK ग्रुप) की ओर से दिया गया था। मामला संज्ञान में आते ही IRCTC ने तुरंत सख्त कार्रवाई की।
IRCTC के एक अधिकारी ने कहा,
“ऐसे मामलों पर तुरंत एक्शन लिया गया। वहां डीप क्लीनिंग व पेस्ट कंट्रोल कराया गया। यात्रियों की सुरक्षा और साफ-सफाई हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”





