छत्तीसगढ़

सांसद फूलोदेवी नेताम ने संसद में उठाई छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाएं बढ़ाने की मांग, कई अहम परियोजनाओं का किया जिक्र

नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने संसद में शून्यकाल के दौरान छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा उठाया। इस दौरान उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को पूर्ण करने की बात कही।

सांसद फूलोदेवी नेताम ने कहा कि “छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश के आदिवासी एवं पिछड़े क्षेत्रों को सुदृढ़ रेल नेटवर्क से जोड़ने हेतु पेंड्रा रोड-अमरकंटक-डिंडोरी-मंडला-घंसौर-लखनादौन-गोटेगांव (श्रीधाम) नई रेल लाइन अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है।”

उन्होंने बताया कि यह रेल मार्ग अमरकंटक-नर्मदा क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और क्षेत्रीय विकास को गति प्रदान करेगा। साथ ही, इटारसी जंक्शन के जरिए दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी भी सुनिश्चित होगी।

सांसद ने आगे कहा कि बिलासपुर को CTCE Plan-2030 में शामिल करने के साथ ही रायपुर-सिकंदराबाद (12771/72) और नागपुर-मुंबई दुरंतो (12290) ट्रेन का विस्तार बिलासपुर तक किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

इसके अलावा उन्होंने कोरबा-बीकानेर एक्सप्रेस को जल्द शुरू करने, कोरबा स्टेशन की तैयार पिटलाइन को तत्काल चालू करने और कोरबा से नई दिल्ली के बीच सीधी ट्रेन शुरू करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि यदि ये सभी लंबित कार्य पूरे किए जाते हैं, तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts