क्रांइमछत्तीसगढ़

पंजाब से लाई हेरोइन दुर्ग में खपाने की तैयारी, पुलिस ने 3 तस्करों को किया गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में खुर्सीपार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43.14 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से जब्त हेरोइन की कीमत और समान की कीमत लगभग 9 लाख रुपए आंकी गई है।

खुर्सीपार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मिनी स्टेडियम सुलभ शौचालय के पास कुछ युवक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़े हैं और ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 43.14 ग्राम हेरोइन, 5 नग मोबाइल और 3640 रुपए नगद भी बरामद किया है। हेरोइन सहित कुल कीमत करीब 8 लाख 90 हजार 940 रुपए बताई जा रही है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी हेरोइन को पंजाब से लाकर दुर्ग-भिलाई में खपाते थे।

दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया, “हेरोइन बिक्री की सूचना पर छापामार कार्रवाई की गई है, 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है, आगे पूछताछ की जाएगी।”

पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें विजय सिंह, मीर नौशाद, सुरेन्द्र क्षत्रिय शामिल है। हेरोइन सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी विजय सिंह है जो मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है। वही पंजाब से हेरोइन लेकर भिलाई आता था और फिर अपने दो साथी मीर नौशाद और सुरेंद्र क्षत्रिय के साथ मिलकर भिलाई में बिक्री करता था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts