आईपीएल शुरू होने से पहले रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सट्टेबाजों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए खास संदेश जारी किया है। पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है— “कानून के साथ मत खेलना”, वरना मैच के साथ-साथ जेल भी देखनी पड़ेगी।
दरअसल, हर साल आईपीएल के दौरान बड़े स्तर पर सट्टेबाजी होती है। पुलिस लगातार कार्रवाई करती है, लेकिन सट्टेबाजों का नेटवर्क इतना बड़ा होता है कि यह कारोबार पूरी तरह रुक नहीं पाता। अबकी बार आईपीएल शुरू होने से पहले रायपुर पुलिस कमिश्नरेट इस पर लगाम कसने के लिए सक्रिय है।
इसी कड़ी में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सोशल मीडिया के जरिए सट्टेबाजों को चेतावनी दी है। खास बात यह है कि पुलिस ने क्रिकेट की भाषा का इस्तेमाल कर अपना संदेश और भी प्रभावी बनाया है।
पुलिस ने कहा कि बेटिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है। ‘चेज’ करने में माहिर है कानून की टीम। फर्जी सट्टा आईडी देने वालों से दूरी बनाने की अपील, नहीं माने तो ‘पार्टनरशिप’ नहीं टिकेगी। इसके साथ ही रायपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है। सट्टेबाजी छोड़िए, वरना सीधा जेल का रास्ता।




