आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन उससे पहले बीसीसीआई ने खिलाड़ियों और टीमों के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। इन नियमों का मकसद टूर्नामेंट में अनुशासन और प्रोफेशनल माहौल को और मजबूत करना है।
नई गाइडलाइंस के तहत अब सभी खिलाड़ियों को स्टेडियम आने-जाने के लिए टीम बस का ही इस्तेमाल करना होगा। निजी वाहनों के उपयोग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, हालांकि टीमें जरूरत के अनुसार दो बैच में यात्रा कर सकती हैं।
फैमिली और दोस्तों की एंट्री को लेकर भी सख्ती बढ़ा दी गई है। अब उन्हें ड्रेसिंग रूम और फील्ड ऑफ प्ले में जाने की अनुमति नहीं होगी। वे केवल हॉस्पिटैलिटी एरिया से ही मैच या प्रैक्टिस देख सकेंगे।
प्रैक्टिस को लेकर भी नए नियम लागू किए गए हैं। मैच वाले दिन किसी तरह की प्रैक्टिस या फिटनेस टेस्ट की अनुमति नहीं होगी साथ ही, ओपन नेट्स पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। वानखेड़े स्टेडियम में टीमों को अलग-अलग प्रैक्टिस विकेट दिए जाएंगे और कोई भी टीम विरोधी टीम की पिच का उपयोग नहीं कर सकेगी। यदि एक टीम जल्दी प्रैक्टिस खत्म करती है, तब भी दूसरी टीम उस पिच का इस्तेमाल नहीं कर पाएगी।
मैच के दिन प्लेयर एंड मैच ऑफिशियल्स एरिया (PMOA) में प्रवेश के लिए मान्यता प्राप्त स्टाफ को अपना एक्रेडिटेशन लाना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर पहले चेतावनी और फिर जुर्माना लगाया जाएगा।
इसके अलावा खिलाड़ियों को ऑरेंज और पर्पल कैप शुरुआती दो ओवर तक पहनना जरूरी होगा। मैच के बाद प्रेजेंटेशन में फ्लॉपी या स्लीवलेस जर्सी पहनने की अनुमति नहीं होगी।
अन्य नियमों में LED नेट्स पर बल्लेबाजी की अनुमति नहीं दी गई है। साथ ही, खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को LED बोर्ड के सामने बैठने से भी मना किया गया है। मैच के दिन केवल 12 एक्रेडिटेड सपोर्ट स्टाफ को ही अनुमति मिलेगी, जिसमें टीम डॉक्टर भी शामिल हैं।





