चीन के जिलिन प्रांत से एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सात पालतू कुत्तों ने अद्भुत साहस और वफादारी का परिचय दिया। मांस तस्करों द्वारा चोरी किए गए ये कुत्ते एक चलते ट्रक से भाग निकले और दो दिनों तक करीब 17 किलोमीटर का सफर तय कर अपने घर वापस पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि इन सात कुत्तों को अलग-अलग घरों से मांस बेचने वाली एक दुकान के गिरोह ने चुराया था। उन्हें एक ट्रक में भरकर सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ये कुत्ते किसी तरह ट्रक से छिपकर भागने में कामयाब रहे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के Grok और ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ के अनुसार, इन कुत्तों के झुंड में जर्मन शेफर्ड, कोर्गी, गोल्डन रिट्रीवर, लैब्राडोर और पेकिनीज नस्ल के कुत्ते शामिल थे। खास बात यह रही कि इनमें से एक जर्मन शेफर्ड घायल था, लेकिन बाकी कुत्तों ने उसे रास्ते में अकेला नहीं छोड़ा और पूरे सफर में उसका साथ निभाया।
ये सभी कुत्ते एक ही गांव के थे और पहले से एक-दूसरे के साथ खेलते-कूदते थे, यही कारण रहा कि मुश्किल वक्त में भी वे एकजुट रहे और एक-दूसरे का सहारा बने।
चांगचुन के एक हाईवे पर एक व्यक्ति ने इन्हें देखा। उसने बताया, “वे आवारा कुत्तों जैसे बिल्कुल नहीं लग रहे थे। वे मुसीबत में फंसे छोटे भाइयों के एक झुंड की तरह एक साथ चल रहे थे।” उसने उन्हें सुरक्षित जगह पहुँचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने रुकने के बजाय अपना सफर जारी रखा।
जैसे ही इन कुत्तों का वीडियो चीनी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, स्थानीय वॉलंटियर्स उनकी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने रास्तों और खेतों में इन कुत्तों की हरकतों पर नजर रखी और यह सुनिश्चित किया कि वे बिना किसी खतरे के अपने गाँव पहुंच जाएं। आखिरकार दो दिनों की मेहनत के बाद ये सातों कुत्ते सुरक्षित अपने घर लौट आए, जिसने वफादारी और साथ निभाने की एक मिसाल पेश कर दी।





