राजधानी दिल्ली में आप भी सस्ते घर का सपना देख रहे हैं तो दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) इसे हकीकत बना सकता है. डीडीए ने राम नवमी के अवसर पर कर्मयोगी आवास योजना शुरू की है. इस योजना में रिटायर्ड और मौजूदा सरकारी कर्मचारियों को ही आवेदन का मौका दिया जाएगा. इस योजना में 26 मार्च से ही अप्लाई किया जा सकता है. डीडीए इस योजना के तहत अपने फ्लैट को डिस्काउंट पर बेचने की तैयारी में है.
डीडीए की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कर्मयोगी आवास योजना में केंद्र या राज्य सरकार के कर्मचारियों के अलावा सरकारी बैंकों और कंपनियों, विश्वविद्यालयों और स्वायत्त संस्थाओं में काम करने वालों को भी आवेदन का मौका दिया जाएगा. इतना ही नहीं रिटायर हो चुके कर्मचारी भी इस योजना में अप्लाई कर सकते हैं, लेकिन आम लोगों के यह योजना नहीं है. डीडीए के यह फ्लैट दिल्ली के नरेला इलाके में स्थित पॉकेट 6 में बने हैं.
कितने फ्लैट बेचेगा डीडीए
कर्मयोगी आवास योजना के तहत डीडीए ने 936 फ्लैट बिक्री के लिए पेश किए हैं. योजना के तहत 1, 2 और 3 बीएचके फ्लैट बेचे जाएंगे, जिसमें सबसे ज्यादा संख्या 2बीएचके फ्लैट्स की है. डीडीए ने 1बीएचके वाले 256 फ्लैट्स को बिक्री के लिए पेश किया है, जबकि 2बीएचके फ्लैट्स की संख्या 448 है और 3बीएचके फ्लैट्स 232 हैं. यह योजना पूरी तरह पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर लॉन्च की गई. सभी प्रॉपर्टी रेडी टू मूव और फ्री होल्ड हैं.




