कोलंबिया के दक्षिणी अमेजन क्षेत्र में सोमवार को सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार 125 लोगों में से कम से कम 66 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कई लोग घायल हैं, जबकि अब भी 21 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
यह हादसा कोलंबियाई वायु सेना के हाल के इतिहास की सबसे घातक घटनाओं में से एक माना जा रहा है। दुर्घटनास्थल पर मलबे और राख के बीच लापता लोगों की तलाश जारी है।
पुटुमायो विभाग के गवर्नर जॉन गैब्रियल मोलिना ने स्थानीय समाचार आउटलेट को बताया कि 66 लोगों की मौत हो चुकी है, कई घायल हैं और 21 लोग अब भी लापता हैं।
रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि यह हादसा उस समय हुआ, जब लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हरक्यूलिस C-130 परिवहन विमान पेरू की सीमा पर स्थित प्यूर्टो लेगुइजामो से उड़ान भर रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि मरने वालों और घायल लोगों के आंकड़े बदल भी सकते हैं।
फायरफाइटर एडुआर्डो सैन जुआन कैलेजास ने बताया कि माना जा रहा है कि जब विमान उड़ान भर रहा था तो रनवे के आखिर के पास उसे किसी चीज से टक्कर लगी। इसके बाद जब विमान नीचे गिर रहा था तो उसका एक पंख एक पेड़ से टकरा गया। उन्होंने आगे बताया कि इस दुर्घटना के कारण विमान में आग लग गई और उसमें रखे कुछ विस्फोटक उपकरण फट गए।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्थानीय लोग सबसे पहले बचाव कार्य में जुटते नजर आ रहे हैं और कुछ लोग घायल सैनिकों को मोटरसाइकिल पर बैठाकर कच्चे रास्तों से ले जाते दिख रहे हैं।
बाद में सेना के वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन अधिकारियों के अनुसार दुर्घटनास्थल तक पहुंचना काफी मुश्किल था, जिससे राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आईं।





