हार्दिक पंड्या एक बार फिर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने करीब 12 करोड़ रुपये की बेहद शानदार सुपरकार फेरारी 12 सिलिंड्री खरीदी है। टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद यह कार उन्होंने खुद को खास तोहफे के रूप में दी है।
सोशल मीडिया पर इस समय एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हार्दिक अपनी नई काली रंग की फेरारी में बैठे नजर आ रहे हैं। वहीं उनकी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा कार के सामने पारंपरिक तरीके से पूजा करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में वह कार पर टीका लगाती हैं और नारियल चढ़ाती नजर आ रही हैं, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
यह सुपरकार अपनी दमदार परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती है। फेरारी 12 सिलिंड्री अपनी पावर और क्लासिक डिजाइन के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इसमें 6.5-लीटर का V12 इंजन है, जो 830 हॉर्सपावर जेनरेट करता है। यह सुपरकार महज 2.9 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 340 kmph है। कार के केबिन में ट्रिपल डिस्प्ले सेटअप और 1600 वॉट का बुर्मेस्टर साउंड सिस्टम लगा है, जो इसे एक चलता-फिरता कॉन्सर्ट हॉल बना देता है।
हार्दिक पंड्या और माहिका शर्मा की जोड़ी अक्सर चर्चा में रहती है, लेकिन इस बार कार की पूजा का यह वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। फैंस लगातार इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और हार्दिक को उनकी नई लग्जरी कार के लिए बधाई दे रहे हैं।





