व्यापार

इंडिगो का बड़ा फैसला: 14 मार्च से फ्लाइट टिकट महंगे, घरेलू-अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगेगा नया फ्यूल चार्ज

नई दिल्ली। देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने हवाई यात्रियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि 14 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। इस नए शुल्क के लागू होने के बाद हवाई किराया बढ़ने की संभावना है।

एयरलाइन के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को 425 रुपये से लेकर 2,300 रुपये तक का फ्यूल चार्ज देना होगा। कंपनी ने बताया कि घरेलू रूट और भारतीय उपमहाद्वीप के भीतर की फ्लाइट्स पर 425 रुपये का फ्यूल चार्ज लगेगा। वहीं पश्चिम एशिया जाने वाली उड़ानों पर यह शुल्क 900 रुपये होगा।

इसके अलावा दक्षिण-पूर्व एशिया, चीन, अफ्रीका और पश्चिम एशिया के कुछ रूट्स पर उड़ानों के लिए 1,800 रुपये तक का फ्यूल चार्ज लिया जाएगा, जबकि यूरोप जाने वाली फ्लाइट्स पर यह शुल्क 2,300 रुपये तक होगा।

एयरलाइन के संचालन खर्च में विमानन ईंधन (ATF) की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत होती है। कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण एटीएफ की कीमतों में तेज़ वृद्धि हुई है, लिहाजा ईंधन शुल्क लगाने का कदम उठाया गया है।

कंपनी ने अपने बयान में कहा, “अगर ईंधन की बढ़ी कीमतों का पूरा असर टिकट किराए पर डाला जाता तो किराया काफी ज्यादा बढ़ाना पड़ता। इसलिए यात्रियों पर बोझ कम रखने के लिए अपेक्षाकृत कम राशि का ईंधन शुल्क लगाया गया है।”

इससे पहले 10 मार्च को एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी टिकटों पर ईंधन अधिभार लगाने का ऐलान किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts