खेल

नवादा पहुंचे क्रिकेटर ईशान किशन, ढोल-नगाड़ों के साथ प्रशंसकों ने किया भव्य स्वागत

नवादा। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन के नवादा पहुंचने पर उनके प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उनके शहर आने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उनके आवास सावित्री सेवा सदन के बाहर इकट्ठा हो गए और ढोल-नगाड़ों व जयकारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

गुरुवार को जैसे ही ईशान किशन अपने घर पहुंचे, समर्थकों की भारी भीड़ पहले से ही उनका इंतजार कर रही थी। अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए लोग लंबे समय तक घर के बाहर डटे रहे। प्रशंसकों की भीड़ को देखते हुए ईशान किशन अपने घर की गैलरी में आए और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। उन्हें देखते ही समर्थकों ने तालियों और नारों के साथ अपनी खुशी जाहिर की।

घर पहुंचने के बाद ईशान किशन ने सबसे पहले अपनी दादी सावित्री शर्मा के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने अपने अभिभावक और जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शत्रुध्न प्रसाद सिंह से मुलाकात की। इस मौके पर डॉ. सिंह ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ईशान किशन ने परिवार के साथ कुछ समय बिताते हुए उनका हालचाल भी जाना।

हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप में भी ईशान किशन का प्रदर्शन शानदार रहा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को मजबूती दी। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में उन्होंने मात्र 21 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। साथ ही फील्डिंग के दौरान तीन अहम कैच लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि से नवादा समेत पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts