गैस संकट के बीच गैस एजेंसियों ने सिलिंडर बुकिंग के समय में बदलाव कर दिया है। अब उपभोक्ता फोन के जरिए सीमित समय में ही एलपीजी सिलिंडर बुक करा सकेंगे। नए नियम के अनुसार सुबह 5 बजे से 7 बजे तक और रात 8 बजे से 12 बजे तक ही फोन से बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इस बदलाव के बाद सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक लगभग 13 घंटे तक बुकिंग सेवा बंद रहेगी। इतना ही नहीं, अब केवल उन्हीं उपभोक्ताओं की बुकिंग स्वीकार की जाएगी जिन्हें पिछला सिलिंडर लिए 25 दिन से अधिक समय हो चुका है। गैस एजेंसियों ने इस संबंध में नोटिस भी जारी कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस कंपनियां आमतौर पर रजिस्टर्ड कॉल के माध्यम से सिलिंडर बुकिंग की सुविधा देती हैं। हालांकि होली के बाद से एक तरफ बुकिंग की अवधि बढ़ा दी गई है तो दूसरी ओर गैस किल्लत के बीच तीन दिन से सर्वर फेल है। पिछले कुछ दिनों से सर्वर फेल होने के कारण कई उपभोक्ता बुकिंग नहीं करा पा रहे हैं।
इस स्थिति के चलते लोग खाली सिलिंडर लेकर एजेंसियों और गोदामों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में उपभोक्ता बुकिंग न होने के कारण एजेंसियों और गोदामों के बाहर सिलिंडर के लिए भटकते दिखाई दिए।
50 हजार से ज्यादा घरों में गैस की परेशानी
शहर में 50 हजार से अधिक एलपीजी उपभोक्ता गैस की समस्या से जूझ रहे हैं। कई घरों में गैस खत्म होने के कारण चाय, नाश्ता और भोजन बनाने में दिक्कत हो रही है। जिले में करीब 13 लाख उपभोक्ता हैं, जिनमें लगभग एक लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग फिलहाल अटकी हुई है। वहीं, एक लाख से ज्यादा ऐसे उपभोक्ता भी हैं जिन्होंने अब तक केवाईसी नहीं कराया है, जिससे उन्हें भी परेशानी हो रही है।
अधिकारियों का दावा—एलपीजी की कोई कमी नहीं
आईओसी जिला नोडल अधिकारी विनीत कुमार का कहना है कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और गोदामों में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उनके मुताबिक कई लोग अनावश्यक रूप से बुकिंग कर रहे हैं, जिससे सर्वर पर दबाव बढ़ रहा है और बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
बुकिंग के बाद 24 घंटे में डिलीवरी का दावा
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित ने बताया कि सर्वर की समस्या के कारण बुकिंग नंबर और कंप्यूटर सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। हालांकि बुकिंग होने के बाद 24 घंटे के भीतर सिलिंडर की डिलीवरी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि बुकिंग के बाद मिलने वाला डीएसी नंबर जरूरी होता है, इसके बिना सिलिंडर की आपूर्ति संभव नहीं है।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष सिकरवार के अनुसार सर्वर में तकनीकी समस्या के कारण गैस एजेंसी के बुकिंग नंबर काम नहीं कर रहे हैं। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग सीधे एजेंसी कार्यालय पहुंच रहे हैं, जिससे वहां भी भीड़ बढ़ रही है।
गैस न मिलने पर यहां करें शिकायत
इंडेन और एचपी गैस ग्राहक सेवा टोल फ्री नंबर: 18002333555
भारत गैस ग्राहक सेवा टोल फ्री नंबर: 1800224344





