मार्च के दूसरे सप्ताह में ही उत्तर भारत में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई राज्यों में लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है।
राजस्थान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश में भी पारा करीब 39 डिग्री तक पहुंच गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित पांच राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी इन दिनों सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस की जा रही है। इन राज्यों में दिन का तापमान सामान्य से करीब 5 से 8 डिग्री अधिक रह सकता है। हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 9 से 11 मार्च के बीच मौसम में बदलाव आ सकता है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर में 10 से 12 मार्च तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 से 14 मार्च के बीच बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
राजस्थान में रविवार को सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। राज्य के 15 से अधिक शहरों में तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा में अगले दो दिनों के लिए लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले सात दिनों में तापमान में करीब 3 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य प्रदेश में पारा सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान 40 डिग्री पार कर सकता है।
राजधानी दिल्ली में भी गर्मी का असर दिखाई देने लगा है। सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। इसके साथ ही 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज किया गया था।
वहीं उत्तर प्रदेश में तापमान 35 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। दूसरी ओर बिहार के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे वहां तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।





