मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे सड़क किनारे लगे हैंडपंप पर बाल्टी में कपड़े धोते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में सुनील बेहद सादगी भरे अंदाज में हाथों से कपड़े धो रहें हैं और उन्हें साफ कर रहे है। कपड़े धोने के बाद वे हैंडपंप चलाकर हाथ और चेहरा भी धोते हैं, जहां एक अनजान व्यक्ति उनकी मदद करता नजर आता है। उनका यह साधारण और जमीन से जुड़ा अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
सोशल मीडिया पर फैंस उनके इस रूप की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि इतने बड़े स्टार होने के बावजूद उनकी सादगी काबिल-ए-तारीफ है, वहीं कुछ ने कहा कि यही सरलता उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती है। वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म बात एक रात की के हेमंत कुमार का गीत ना तुम हमें जानो, सुनाई देता है, जिससे वीडियो और भी खास बन गया है।
इससे पहले भी सुनील ग्रोवर मिट्टी के चूल्हे पर रोटियां बनाते हुए एक वीडियो शेयर कर चुके हैं, जिसे उन्होंने अपनी जड़ों से जुड़ी सादगी का प्रतीक बताया था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सुनील इन दिनों नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहे द ग्रेट इंडियन कपिल शो में नजर आ रहे हैं। उन्हें खास पहचान कॉमेडी नाइट्स विद कपिल में ‘गुत्थी’ के किरदार से मिली थी, जबकि द कपिल शर्मा शो में डॉ. गुलाटी और अन्य किरदारों ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया।
सुनील ग्रोवर का यह वीडियो एक बार फिर दिखाता है कि वे अपने अभिनय के साथ-साथ अपनी सादगी और विनम्रता से भी लोगों के दिलों में खास जगह रखते हैं।




