कवर्धा। जिले के पीपरटोला घाट में सोमवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। घाटी पार करते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार पांच नाबालिग घायल हो गए।
मृतक की पहचान बिरझूनगर निवासी मनीराम बैगा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में चालक समेत पांच नाबालिग सवार थे। दुर्घटना के दौरान चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि तीन अन्य को हल्की चोटें आई हैं।
घटना कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पीपरटोला घाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।





