धार जिले के बदनावर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक गंभीर घटना सामने आई। ग्राम साकतली की चार छात्राएं जब रोज की तरह पैदल स्कूल जा रही थीं, तभी ग्राम बखतगढ़ के लालघाटी चौराहे के पास तीन बदमाशों ने उन्हें बहलाकर अपहरण करने की कोशिश की। आरोपियों ने चॉकलेट देने के बहाने बच्चियों के पास पहुंचकर उन्हें जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया।
छात्राओं की सूझबूझ से बड़ी वारदात टल गई। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दो महिलाओं को पकड़ लिया, जबकि उनके साथ आया एक पुरुष साथी वाहन सहित फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी इको वाहन में सवार होकर आए थे और सभी ने मास्क पहन रखा था।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। 10 से 15 वर्ष की उम्र की ये छात्राएं करीब एक किलोमीटर दूर से पैदल स्कूल आती-जाती हैं। सूचना मिलते ही घबराए परिजन स्कूल और पुलिस थाने पहुंच गए। पुलिस ने पकड़ी गई महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपी और संभावित अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।





